गोपल्लव झा वीरपुर/बेगूसराय/संवाददाता
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र की भवनानंदपुर पंचायत अंतर्गत पानापुर गांव में गुरुवार को जनसुराज नागरिक सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन जनसुराज पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी तथागत हर्षवर्धन, जिलाध्यक्ष डॉ. सोनू शंकर, संसदीय क्षेत्र चुनाव प्रभारी डॉ. रजनीश कुमार, योगाचार्य डॉ. रंजीत कुमार तथा बिग कमांडर रंजीत कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। यह कार्यालय बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र संख्या-146 के अंतर्गत कार्य करेगा।
इस अवसर पर प्रदेश चुनाव प्रभारी तथागत हर्षवर्धन ने कहा कि जनसुराज का अर्थ जनकल्याण है। आम लोगों की समस्याओं को एकत्र कर उनके समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में इस तरह के नागरिक सहायता केंद्र खोले जा रहे हैं और चंपारण के बाद इसकी शुरुआत बेगूसराय के वीरपुर से की गई है। उन्होंने कहा कि जनसुराज पिछले तीन वर्षों से बिहार में सक्रिय है और राज्य में सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि बिहार आज भी शिक्षा, रोजगार, पलायन और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। लोगों को अब तक इन समस्याओं से अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी है। जिलाध्यक्ष डॉ. सोनू शंकर ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा जनसुराज से जुड़ रहे हैं और देश की दिशा व दशा तय करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
पार्टी नेत्री एवं उप प्रमुख रूपम कुमारी तथा बबिता कुमारी ने कहा कि जनसुराज महिलाओं को नेतृत्व का अवसर दे रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लोग जागरूक होकर बेहतर प्रतिनिधित्व करने वाले जनप्रतिनिधियों का चयन करेंगे।
बिग कमांडर रंजीत कुमार ने कहा कि जनसुराज शुरू से ही रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पलायन जैसे गंभीर मुद्दों को उठाता रहा है, ताकि लोगों को अपनी वास्तविक जरूरतों और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।
इस मौके पर पार्टी नेत्री मीना देवी, रीता सिंह, मो. असलम समेत कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।


