नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
बगरस-पहसारा पथ पर विष्णुपुर और पीरनगर सीमा के समीप रविवार की सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान डंडारी थाना क्षेत्र के उत्तरी कटरमाला पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी मो. सजलूम के 40 वर्षीय पुत्र मो. शाहिद के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि रविवार की सुबह करीब पांच बजे मो. शाहिद नींद से उठकर घर से बाहर सड़क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घर के समीप बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर डंडारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना नावकोठी पावर हाउस के कनीय अभियंता विमल कुमार साहा को भी दी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मृतक मो. शाहिद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। तीन भाइयों में वह दूसरे स्थान पर थे। बड़े भाई मो. हफीज और छोटे भाई मो. शाकिर हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक अपने वृद्ध मां, पत्नी और छह बच्चों के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थे। उनकी बड़ी पुत्री गुलशन खातून 18 वर्ष की है, जबकि अन्य बच्चों में मो. मुस्ताक (16), रोजी खातून (15), शहजादी खातून (13), शेफ अली (10) और चांदनी खातून (8) शामिल हैं। अचानक हुए इस हादसे के बाद मां सफीदा खातून और पत्नी मुन्नी खातून के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
राजद नेता संजय महतो, कुमोद महतो, मो. ऐनुल, प्रमोद पासवान, मो. जब्बार, संजय सिंह, मुखिया इंद्रदेव राय, सरपंच शिवजी पासवान समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना व्यक्त की और बिजली विभाग से मुआवजा देने की मांग की।


