नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा पश्चिम पंचायत स्थित वार्ड संख्या-6 में बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सगे बड़े भाई ने सो रहे अपने छोटे भाई पर गड़ासा से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान गुड्डु सिंह के पुत्र सुंदरम कुमार के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि बुधवार की सुबह सुंदरम कुमार घर में सोया हुआ था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई सत्यम कुमार मवेशियों का चारा काटने वाले गड़ासा के साथ वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे अचानक उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सुंदरम के दोनों हाथ, दोनों पैर, सिर, पेट तथा सीने के पास गंभीर जख्म हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावकोठी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। वर्तमान में सुंदरम कुमार का इलाज बेगूसराय स्थित डॉ. अशोक कुमार शर्मा के निजी क्लीनिक के आईसीयू में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि घायल की मां द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार गड़ासा भी बरामद कर लिया गया है। साथ ही घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। बताया जाता है कि वह स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी बैंक में कार्यरत रह चुका है। वहीं, दोनों भाइयों के पिता व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां शिक्षिका हैं। फिलहाल घायल सुंदरम कुमार आईसीयू में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है तथा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


