नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
बेगूसराय जिले के 10 प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में आगामी 1 जुलाई 2026 से पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। इसे लेकर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बुधवार को मटिहानी स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं तैयारियों का जायजा लिया।
जिले के जिन प्रखंडों में नए महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की जानी हैं, उनमें बछवाड़ा, छौड़ाही, डंडारी, गढ़पुरा, खोदावंदपुर, मंसूरचक, मटिहानी, नावकोठी, साहेबपुर कमाल एवं वीरपुर शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक शिक्षण संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने आसपास ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन महाविद्यालयों का संचालन शुरू किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध हो तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़े।


