नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डफरपुर पंचायत के छतौना पंचायत भवन पर कृषि जन कल्याण चौपाल सह खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।अध्यक्षता प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी रौशन कुमार ने की।
इस दौरान किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा यह अभियान एक जून से तीस जून तक सम्पूर्ण देश में चल रहा है।किसानों को अपनी जमीन बचाने के लिए रसायनिक खाद एवं किटनाशकों के छिड़काव को बन्द कर पुनर्जीवि खेती का चयन करना होगा।इसके लिए मिट्टी प्रबंधन,बीज उपचार और जैविक खाद का प्रयोग करें।प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक विवेकानन्द सिंह ने जिवामृत व बिजामृत मिट्टी जांच,घन जीवाअमृत, अग्नेयास्त्र,स्टीकी ट्रेप के बारे में बताया।वहीं खरीफ में किसानों के लिए अनुदानित दर पर मक्का,धान,मरूआ लगाने को कहा गया तथा कृषि यंत्र के बारे में जानकारी दी।
सहायक तकनीकी प्रबंधक सोनल सिंह ने कहा आज हम खेत बचाओ अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा कर रहे हैं।खेत केवल जमीन का टुकड़ा नहीं,बल्कि हमारे अन्नदाता किसानों की आजीविका,देश की खाद्य सुरक्षा और हमारी संस्कृति की पहचान है ।आज बढ़ते शहरीकरण, अतिक्रमण,भूमि कटाव,जल संकट और कृषि भूमि के गैर-कृषि उपयोग के कारण हमारे खेत लगातार कम होते जा रहे हैं।यदि हम समय रहते सचेत नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को खाद्यान्न संकट का सामना करना पड़ेगा।
कृषि समन्वयक प्रिंस कुमार ने कहा कि खेतों को बचाने के लिए हमें जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण, वृक्षारोपण और वैज्ञानिक खेती को अपनाना होगा।किसानों को उनकी भूमि और फसलों का उचित मूल्य मिलना चाहिए,ताकि वे खेती से जुड़े रहें।आइए,हम सभी संकल्प लें कि कृषि भूमि की रक्षा करेंगे,पर्यावरण को सुरक्षित रखेंगे और किसानों के हितों के लिए हमेशा आवाज उठाएंगे।मौके पर किसान जयशंकर कुमार,वार्ड सदस्य सुधीर कुमार सिंह सहित पंचायत के कृषक मौजूद थे।


