नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के विष्णुपुर गांव से मुहर्रम ताजिया मेले के दौरान लापता हुए पांच वर्षीय मो. आर्यन का छह दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। बच्चे के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। उसकी मां अजमती खातून, पत्नी मो. शाबीर उर्फ झुलना, का रो-रोकर बुरा हाल है।
बुधवार को पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए।
पूर्व विधायक ने कहा कि पुलिस संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश कर रही है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार से इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करते हुए उच्च स्तरीय जांच टीम गठित करने की मांग की।
सूर्यकांत पासवान ने आशंका जताई कि मामला मानव तस्करी से भी जुड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है और उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। ऐसी स्थिति में फिरौती की संभावना कम नजर आती है। इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जानी चाहिए, ताकि बच्चे का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
उन्होंने जांच में सामाजिक सहयोग की भी अपील की। इस दौरान सीपीआई अंचल मंत्री चंद्रभूषण चौधरी, शाखा मंत्री टुनटुन पोद्दार, चंदन पोद्दार, राजद नेता सुरेंद्र पासवान, मो. अबूल, फूल हसन साह सहित कई लोग उपस्थित थे।


