गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
15 जुलाई को पटना में आयोजित होने वाले प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर बखरी नगर के शकरपुरा स्थित 10+2 विद्यालय परिसर में कांग्रेस की ओर से छात्र-युवाओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष सधीर कुमार सिंह ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष रजनीकांत पाठक ने कहा कि पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अव्यवस्था और लगातार बढ़ रही फीस जैसे मुद्दों से छात्र वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक छात्र-युवाओं से 15 जुलाई को पटना पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
वहीं जिला सचिव सुमन जीत सुमन ने कहा कि नीट, बीपीएससी और टीईटी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन को और मजबूत बनाया जाएगा।
बैठक में मो. आजाद, रौशन कुमार बाबूल, शिवम सिंह, शहनवाज खान, दिलखुश रजक, पाण्डव कुमार, पंकज यादव, बलवीर शर्मा, मंजीत गांधी सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा उपस्थित रहे।


