नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के नावकोठी स्थित द्वारका पैलेस विवाह भवन में गुरुवार को गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एसडीएम पद पर चयनित सूरज कुमार के अपने पैतृक गांव नावकोठी में प्रथम आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता जिला मुखिया संघ के महासचिव, प्रखंड अध्यक्ष एवं नावकोठी के मुखिया राष्ट्रपति कुमार बिड्डू ने की। वहीं कार्यक्रम का संयुक्त संचालन अवकाश प्राप्त शिक्षक एवं समाजसेवी इंद्रदेव महतो तथा पूर्व सरपंच मृत्युंजय सिंह ने किया।
द्वारका पैलेस पहुंचते ही ग्रामीणों ने सूरज कुमार का फूल-मालाओं, बुके, अंगवस्त्र तथा ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। युवाओं ने बाइक रैली निकालकर उनका अभिनंदन किया और उनकी सफलता पर खुशी जाहिर की।

समारोह को संबोधित करते हुए सूरज कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और पूरे पंचायतवासियों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी से उनका जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य पर पूरी निष्ठा के साथ ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
इस अवसर पर उन्हें चादर, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और फूल-मालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सूरज कुमार की यह उपलब्धि पूरे प्रखंड के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त शिक्षक रामस्वरूप साह, विश्वनाथ प्रसाद सिंह, डॉ. अरविंद कुमार, गणेश झा, राजेश कुमार, विभाकर कुमार, बागीश चंद्र पाठक, रामानुज प्रसाद सिंह, विजय सहनी, दिवाकर मालाकार, देवेंद्र दास, मनोज बजाज, वीरेंद्र कुमार, अरुण मालाकार, राजा कुमार, मो. इम्तियाज, मो. सलमान सहित अनेक समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बीएमपी में तैनात सूरज कुमार की पत्नी तथा उनके माता-पिता भी उपस्थित रहे।


