नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड कार्यालय स्थित बीआरसी भवन, नावकोठी में शुक्रवार को प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एलईओ सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मेघा वर्मा ने की।
बैठक में विद्यालयों के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समग्र शिक्षा अभियान के तहत कंपोजिट ग्रांट (वित्तीय वर्ष 2025-26) का उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर जमा करने, बीएसएस से संबंधित विधानसभा प्रश्नों के लिए निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराने तथा एफएलएन कार्यक्रम के अंतर्गत भाषा और गणित की कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा कक्षा छह से आठ तक पीबीएल (प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग) के सभी कार्य समय पर पूरा करने, विद्यालयों में नामांकन पंजी, कैश पंजी, स्टॉक पंजी सहित सभी आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण करने, पीटीएम एवं बीएसएस की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने तथा सभी प्रकार के प्रतिवेदन और संकुल स्तरीय रिपोर्ट समय पर जमा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यू-डाइस पोर्टल पर सभी विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने और अपार (APAAR) आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने पर भी बल दिया गया। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि यदि किसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक को अवकाश पर जाना हो तो उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करें।
बैठक में प्रधानाध्यापक रामसुजान सिंह, शंभू महतो, मनटून महतो, राजेश कुमार, अशोक शर्मा, संजीत कुमार महतो, विभाकर कुमार, योगेंद्र शर्मा, हर्षवर्धन कुमार, अभय झा, अमित कुमार, एमडीएम प्रभारी रुचिता कुमारी, इंदु कुमारी, रेखा कुमारी, चांदनी राय सहित अन्य प्रधानाध्यापक एवं शिक्षा विभाग के कर्मी उपस्थित थे।


