गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
बखरी थाना क्षेत्र के महादेवचक गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या के बाद शव गायब किए जाने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। देर शाम तक शव बरामद नहीं होने से घटना कई सवाल खड़े कर रही है।
मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसकी शादी करीब तीन माह पहले महादेवचक गांव निवासी सौरभ कुमार के साथ हुई थी। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर बखरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन शव का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर शाम फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस घटनास्थल से मिले सभी महत्वपूर्ण सुरागों को खंगाल रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या और शव गायब किए जाने की आशंका को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

