गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के जगदर पंचायत वार्ड संख्या-8 की आशा कार्यकर्ता ममता कुमारी के बैंक खाते से ठगों द्वारा 10 हजार रुपये उड़ा लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता न्याय की आस में कभी बैंक, कभी थाना तो कभी साइबर कंट्रोल कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
पीड़िता ममता कुमारी ने बताया कि 8 अप्रैल को पहले उनके पोस्ट ऑफिस खाते की जांच की गई, जिसमें मात्र 52 रुपये थे। इसके कुछ ही मिनट बाद वीरपुर यूको बैंक शाखा के खाते से 10 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए।

उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत और खून-पसीने की कमाई से जो पैसा जमा किया था, उसे ठगों ने पलक झपकते ही निकाल लिया। अब वह लगातार शिकायत दर्ज कराने और पैसा वापस दिलाने की गुहार लगा रही हैं, लेकिन अब तक कहीं से राहत नहीं मिली है।
ममता कुमारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले जब बैंक खाता आधार और मोबाइल से लिंक नहीं था, तब ऐसी परेशानी कम होती थी। तकनीक जितनी तेजी से बढ़ रही है, साइबर अपराध भी उतनी ही तेजी से बढ़ रहे हैं।
साथ ही उन्होंने प्रखंडवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी साइबर कैफे या सीएसपी केंद्र पर फिंगर लगाकर पैसा निकासी करने से बचें और सतर्क रहें, ताकि ऐसी ठगी से बचा जा सके।
