गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
बखरी प्रखंड के धयानचक्की गांव के वीर सपूत एवं कीर्ति चक्र से सम्मानित शहीद पिंटू सिंह की 42वीं जयंती के अवसर पर उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाघड़ा एवं मध्य विद्यालय घाघड़ा के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहीद की पुण्य स्मृति में आयोजित ‘शौर्य नमन’ कार्यक्रम में करीब 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद पिंटू सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके अदम्य साहस, वीरता, संघर्ष तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से शहीद पिंटू सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूत सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताओं और राष्ट्रगान की प्रस्तुति देकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार, कौशल किशोर क्रांति, बसंत कुमार, अनंत कुमार, मुकुल कुमार, संजय कुमार, सज्जन सदा, विक्की कुमार, दीपक राज, सुमन साहनी, वीरेश कुमार, रोजी प्रवीण, सहदेव पंडित, संगीता कुमारी, इंदु कुमारी, अभय कुमार, अनिल कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


