गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को जनजागरण रथ वीरपुर प्रखंड के मुजफ्फरा, जगदर और वीरपुर पूर्वी पंचायत पहुंचा। इस दौरान अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
अभियान के जिला संयोजक शिक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश पर जनजागरण रथ लगातार वीरपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर छात्रों से संवाद स्थापित कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान अभियान के कार्यकर्ता ऋषभ कुमार ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का मनोबल प्रभावित हुआ है और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों में निराशा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं को रोकने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।
कार्यक्रम में अमर कुमार, आनंद कुमार, कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष धर्मराज सहनी, चिकु कुमार, राजेश राना, मोनु कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


