नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र स्थित प्लस टू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को अब ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ मॉडल स्कूल के रूप में नई पहचान मिल गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को राज्यस्तरीय समारोह से प्रदेश के 551 प्रोन्नत विद्यालयों का दीप प्रज्ज्वलित कर रिमोट के माध्यम से वर्चुअल उद्घाटन किया। इसी क्रम में नावकोठी स्थित विद्यालय का भी उद्घाटन हुआ।
विद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक गणेश झा की अध्यक्षता में शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। राज्यस्तरीय कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विद्यालय परिसर में स्थानीय स्तर पर उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक गणेश झा, मुखिया संघ के जिला महासचिव एवं प्रखंड अध्यक्ष सह स्थानीय मुखिया राष्ट्रपति कुमार बिड्डू, डॉ. राजेंद्र शर्मा तथा साहित्यकार रामनारायण दिवाकर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया।
प्रधानाध्यापक गणेश झा ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में 40 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है। उन्होंने कहा कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा उपलब्ध कराना विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन में नियमित पाठ्यक्रम के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की भी बेहतर तैयारी कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच मृत्युंजय कुमार सिंह, शिक्षक अरुण कुमार मालाकार, राकेश कुमार शर्मा, डॉ. अंजली कुमारी, डॉ. रंजीत कुमार, संजय कुमार साह, रजनी किरण, निवेदिता गुप्ता, ऋतु रानी, अस्मिता कुमारी, बेबी कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक कन्हैया कुमार, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


