नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की राशि समय पर नहीं मिलने से लाभुकों को हो रही परेशानी को लेकर समसा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य गौतम गोस्वामी ने स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान को स्मारपत्र सौंपकर सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
स्मारपत्र में बताया गया है कि प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में सैकड़ों पेंशनधारी समय पर राशि नहीं मिलने के कारण परेशान हैं। पेंशन की जानकारी और भुगतान के लिए उन्हें कभी बैंक, कभी प्रखंड कार्यालय तो कभी पंचायत भवन का चक्कर लगाना पड़ रहा है। सबसे अधिक कठिनाई वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को हो रही है।
गौतम गोस्वामी ने कहा कि सरकार द्वारा पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने के बाद से कई लाभुकों को नियमित रूप से भुगतान नहीं मिल पा रहा है। इससे लाभार्थियों के बीच असमंजस और परेशानी का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने विधायक सह मंत्री से आग्रह किया कि इस मामले में संबंधित विभाग से समन्वय कर शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि सभी पात्र लाभुकों को समय पर पेंशन की राशि मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। साथ ही उन्होंने कहा कि पेंशन का नियमित भुगतान बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक है।

