
गोपल्लव झा AV भारत न्यूज संवाददाता वीरपुर/ बेगूसराय
वीरपुर बाजार की मुख्य सड़क पर नाले का गंदा पानी लगातार बहने से सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई स्थानों पर सड़क जलमग्न रहने के कारण वह झील जैसी दिखाई देने लगी है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आगामी 29 जुलाई से सावन माह शुरू होने वाला है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवरिया सिमरिया धाम से गंगाजल लेकर वीरपुर होते हुए हरिगिरिधाम, गढ़पुरा जलाभिषेक के लिए पैदल गुजरेंगे। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं की परेशानी और बढ़ा सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ईटवा गोसाईं के समीप नाले का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क कई जगह टूटकर गड्ढों में बदल गई है। पानी जमा रहने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
मुख्य बाजार में भी कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर नाले का पानी बहने से राहगीरों के साथ-साथ दुकानदारों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के दोनों किनारों पर नालों का निर्माण तो किया गया है, लेकिन पानी की निकासी और जल संचयन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या स्थायी रूप ले चुकी है।
बाजार के अस्थायी दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर नाले की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों और सावन में आने वाले कांवरियों को राहत मिल सके।

