नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड मुख्यालय नावकोठी में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर मंतर सहित विभिन्न स्थानों पर छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रखंड अध्यक्ष निशा शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रखंड अध्यक्ष निशा शर्मा ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त किया जाए तथा छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक रैकेट में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने, सीबीएसई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा नीट-यूजी समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने छात्रों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, प्रतियोगी परीक्षाओं की बढ़ती लागत और कोटा जैसे शहरों में शिक्षा पर होने वाले खर्च को कम करने, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, बेरोजगार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने तथा भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से छात्रों को लेकर दिए गए कथित बयान पर सार्वजनिक माफी और इस्तीफे की मांग भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस के एक शिष्टमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल रंजन को सौंपा।
प्रदर्शन में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुरेश पासवान, संगठन प्रभारी सुमनजीत सुमन, श्रीराम सिंह, मो. अहमद, शिवशंकर सिंह सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


