नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड अंतर्गत महेशवाड़ा पंचायत के नौलखा गांव में प्रदान संस्था के तत्वावधान में कृषि उत्पादन समूह का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों की कृषि उत्पादकता बढ़ाना, वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना तथा उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और आजीविका संवर्धन से जोड़ना था।
प्रशिक्षक शिवचंद्र कुमार ने किसानों को मौसम के अनुरूप फसल प्रबंधन, उन्नत बीज एवं उर्वरकों का चयन, मिट्टी परीक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, जल संरक्षण, कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपाय तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज और आय दोनों में वृद्धि कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि उत्पादन समूह की उपयोगिता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि यदि किसी क्षेत्र में समूह बनाकर एक ही प्रकार की फसल की खेती की जाए तो किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, कृषि सामग्री, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकता है। साथ ही सामूहिक रूप से उपज की बिक्री करने पर किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य भी प्राप्त होता है।
इस अवसर पर किसानों को समय पर बुवाई, फसल की बेहतर योजना, उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा समूह आधारित कृषि गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। किसानों ने भी अपनी कृषि संबंधी समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिनका प्रशिक्षक ने व्यावहारिक समाधान बताया।
प्रशिक्षक ने कहा कि संगठित और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर कम लागत में अधिक उत्पादन संभव है। उन्होंने किसानों से समूह आधारित खेती को बढ़ावा देने और सामूहिक रूप से अपनी उपज का विपणन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गोपाल कुमार, दयानंद महतो, अरविंद कुमार, रिहा देवी, मीरा कुमारी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


