गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
रविवार को शहीद पिंटू सिंह की सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर बगरस ध्यानचक्की स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर, मोकामा घाट से डीजी रैंक के इंस्पेक्टर विन्देश्वरी सिंह पहुंचे और शहीद प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इंस्पेक्टर विन्देश्वरी सिंह ने कहा कि शहीद पिंटू सिंह हमारे विभाग के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, जो हम सभी के लिए आत्मगौरव की बात है। उनका बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। इस अवसर पर इंस्पेक्टर विन्देश्वरी सिंह ने शहीद की धर्मपत्नी अंजू सिंह को चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनकी पुत्रियों पीहू सिंह और अहाना सिंह को स्नेहपूर्वक टॉफी भेंट की।

कार्यक्रम में जिला परिषद अमित कुमार देव,सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र जीतू, राटन के उपमुखिया अजीत कुमार, पूर्व मुखिया सरोजनी भारती, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि बौएलाल साव, भूषण महतो, सुनील सहनी, रूपक सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों ने शहीद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीद पिंटू सिंह ने देश की रक्षा करते हुए आतंकवादियों से लोहा लिया और वीरगति को प्राप्त हुए। उनका बलिदान सदैव याद रखा जाएगा तथा देश की युवा पीढ़ी उनके साहस से प्रेरणा लेती रहेगी।
कार्यक्रम में शहीद के भाई अमरेश सिंह, मिथिलेश सिंह, इन्द्रेश सिंह, मनीष सिंह तथा भतीजा राजन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम के अंत में परिजनों के सौजन्य से स्थानीय साधु-संतों को भोजन कराया गया।
