गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के गेनहरपुर पंचायत स्थित जिन्दपुर गांव में एक मामले के गवाह दंपति के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर वीरपुर थाना में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जिन्दपुर निवासी मो. जहांगीर की पत्नी सहाना खातून ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उन्होंने वीरपुर थाना कांड संख्या 114/26 में गवाही दी थी। आरोप है कि इसी मामले को लेकर 27 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे गांव की मस्जिद के पास पड़ोसी मो. उमर के पुत्र एवं सरकारी शिक्षक मो. आविद तथा उसके भाई मो. साबिर और मो. कादिर ने उन्हें और उनके पति को बीच सड़क पर रोक लिया।
पीड़िता के अनुसार, तीनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मो. आविद ने कमर से पिस्तौल निकालकर धमकी दी, जबकि अन्य दोनों आरोपित चाकू और लाठी लेकर हमला करने लगे। मारपीट में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान मो. आविद ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाल पर थप्पड़ मारा, उनके कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी बीच शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद सभी आरोपित उनके कान से सोने का झुमका छीनकर फरार हो गए।
थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।


