गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान शुक्रवार को बखरी पहुंचे। उन्होंने रामपुर वार्ड 17 निवासी होरिल पंडित की पुत्री नेहा कुमारी के साथ विगत दिनों ससुराल में एसिड पिलाए जाने की जघन्य घटना को लेकर पीड़िता एवं उनके परिजनों से मुलाकात की, तथा पीड़िता की स्थिति की जानकारी ली और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मंत्री श्री पासवान ने खगड़िया जिले के पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बातचीत कर घटना में संलिप्त दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अमानवीय घटनाएं समाज को शर्मसार करने वाली हैं और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने पीड़िता को अपने निजी कोष से आर्थिक सहायता भी की, ताकि उसके इलाज एवं अन्य आवश्यकताओं में कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़िता के साथ खड़ी है और उसे न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
