गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
शुक्रवार को बखरी के परिहारा–डंडारी मार्ग पर सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोहागी पुल के समीप की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।इस हादसे में खगड़िया जिले के बिशनपुर निवासी सुरेश शर्मा के 29 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी उक्त पिकअप चालक ने कई राहगीरों को अपनी चपेट में लेने का प्रयास किया था।
वहीं, घायल युवक के साथ बाइक पर सवार कुशहा (भागलपुर) निवासी विलास शर्मा के पुत्र अविनाश कुमार बाल-बाल बच गए।अविनाश कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक को साइड करने का मौका ही नहीं मिला। पलक झपकते ही वाहन ने टक्कर मारी और चालक फरार हो गया।
इसी दौरान परिहारा थाना की डायल 112 टीम गश्ती के दौरान मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारियों व सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से घायल युवक को इलाज के लिए बखरी पीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार पिकअप वाहन व उसके चालक की तलाश की जा रही है।
