गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी पुलिस ने सरकारी भूमि अभिलेख में कथित छेड़छाड़, जालसाजी, रंगदारी और जमीन हड़पने के प्रयास के मामले में आरोपी सहदेव कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध बखरी थाना में दर्ज मामले के आधार पर कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, जयलख अभिमान वार्ड संख्या-10 निवासी रेणु देवी ने बखरी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उन्होंने मौजा जयलख अभिमान, खाता संख्या-155, खेसरा संख्या-644 की भूमि विधिवत रजिस्ट्री कराई है तथा उनके नाम से जमाबंदी और लगान रसीद भी निर्गत है। इसके बावजूद आरोपी सहदेव कुमार अपनी मां की जमाबंदी में कूटरचना और सरकारी रिकॉर्ड में अवैध छेड़छाड़ कर लिया है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया कि विभागीय जांच में सरकारी रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की पुष्टि होने के बाद संबंधित अंचल कर्मचारी को निलंबित किया गया था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा आवेदिका और विक्रेता को लगातार धमकी देने, जमीन से बेदखल करने का प्रयास करने तथा भवन निर्माण के एवज में पांच लाख रुपये और दो कट्ठा जमीन की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बखरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सहदेव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


