गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुचारू एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर शनिवार को प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार शक्तिधर की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बीडीओ ने बताया कि श्रावणी मेला को लेकर प्रखंड प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार से कांवरियों का जत्था वीरपुर के रास्ते हरिगिरिधाम गढ़पुरा के लिए प्रस्थान करेगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान चिन्हित विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां पुलिस सहायता केंद्र, स्वास्थ्य किट, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इन शिविरों में प्रखंड सह अंचल कार्यालय के कर्मियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी।
इसके अलावा सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था, महिला एवं पुरुष शौचालय तथा आश्रय स्थल की भी व्यवस्था की गई है। श्रावणी मेला को लेकर विभिन्न चिन्हित स्थानों पर शिवभक्तों के आवागमन की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से फ्लेक्स बोर्ड भी लगाए गए हैं।
अंचलाधिकारी भाई वीरेंद्र ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान जिन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें अवकाश नहीं मिलेगा। सभी कर्मियों को रविवार को समय पर अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर सुबह तक मौजूद रहना होगा।
बैठक में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी विजय मालाकर, एसबीएम शबनम कुमारी, प्रमुख प्रतिनिधि अमृतेश कुमार, उप प्रमुख सुबोध पासवान, स्वच्छता पर्यवेक्षक सत्यम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


