नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के विष्णुपुर, खैरवन और वृंदावन में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश के मौके पर निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र धार्मिक नारों से गूंजता रहा।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर लोगों ने गली-मोहल्लों और आसपास की सड़कों की साफ-सफाई कर जगह-जगह रंग-रोगन कराया। साथ ही झंडे-पताकों से जुलूस के मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस मौके पर बच्चे, बुजुर्ग और नौजवान पारंपरिक पोशाक में नजर आए। कई लोगों ने हरी पगड़ी भी धारण की थी।
जुलूस गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए एक स्थान पर पहुंचा, जहां पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश और उनके बताए रास्ते एवं उपदेशों पर चर्चा की गई। वहीं मस्जिदों में विशेष इबादत और कुरानख्वानी का भी आयोजन किया गया।
विष्णुपुर, खैरवन और वृंदावन में ईद मिलादुन्नबी का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष मो. फिरदौस के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी विश्वजीत कुमार, मो. इस्माइल सहित सशस्त्र बल के जवान विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रहे।


