नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में रक्षाबंधन पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मिथिला पंचांग के अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। उदयातिथि और पूर्णिमा तिथि के आधार पर इसी दिन राखी बांधने का विधान बताया गया है।
जानकारी के अनुसार श्रावण पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह तक रहेगी। 28 अगस्त को सूर्योदय से सुबह करीब 9:27 बजे तक राखी बांधने का शुभ समय रहेगा। पूर्णिमा तिथि सुबह समाप्त होने के कारण बहनों के लिए सुबह के समय भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधना शुभ माना गया है। वहीं 28 अगस्त की सुबह भद्रा से मुक्त रहेगी, जिससे राखी बांधने के लिए सुबह का समय अनुकूल रहेगा।
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। रंग-बिरंगी राखियों, पूजा सामग्री, मिठाइयों और उपहारों की दुकानें सज गई हैं। बच्चों और युवतियों में आकर्षक राखियों की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। दुकानदारों को भी इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
इधर, घरों में भी पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। बहनें अपने भाइयों के लिए पसंद की राखियां खरीदने में जुटी हैं। हालांकि चीनी की बढ़ती कीमतों का असर मिठाइयों की कीमत पर भी देखने को मिल रहा है। मिठाइयों के दाम में बढ़ोतरी होने से पर्व के दौरान लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है।


