नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
प्रखंड क्षेत्र के पीएचसी नावकोठी में आशा कार्यकर्ताओं को कुष्ठ रोगियों की पहचान हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने की।
उन्होंने बताया कि 6 से 15 अक्टूबर तक कुष्ठ रोगी खोजी अभियान (LCDC) चलाया जाएगा। इस अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पीएचसी में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डॉ. चौधरी ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार यह अभियान प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों, गांवों, गलियों, मोहल्लों और चिमनियों में चलाया जाएगा। इस दौरान आशा कार्यकर्ता पुराने और नए कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी।
पीएमडब्ल्यू रंजन कुमार ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को पुराने मरीजों की इलाज स्थिति, दवा सेवन की नियमितता और ठीक होने की दर की जांच करनी होगी। साथ ही, नए मरीजों की पहचान कर यह जानकारी भी जुटानी होगी कि वे कब से कुष्ठ रोग से पीड़ित हैं।
सभी जानकारी का विस्तृत डेटा तैयार कर कार्यालय को सौंपा जाएगा। इसके अलावा, मरीजों को अस्पताल तक लाने का कार्य भी आशा कार्यकर्ताओं को करना होगा।
स्वास्थ्य प्रबंधक आनंद ईश्वर और बीसीएम उषा कुमारी ने कहा कि प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को यह कार्य पूर्ण ईमानदारी से करना होगा। कार्य में लापरवाही करने वाली आशा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की जाएगी।
