गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बखरी प्रखंड में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पहुंचे अर्द्धसैनिक बल के जवानों की स्वास्थ्य जांच की गई।
बखरी प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घाघरा एवं चकहमीद में दो बटालियन अर्द्धसैनिक बल की टुकड़ियां कैंप कर रही हैं, जहां प्रत्येक विद्यालय में लगभग 120 जवानों की तैनाती की गई है। बताया गया कि जवानों में से कई ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत की, जिनमें बुखार, सर्दी तथा कमजोरी जैसे लक्षण शामिल थे।
जिला प्रशासन के निर्देश पर चिकित्सकों की मोबाइल टीम गठित की गई, जो विभिन्न कैंपों में पहुंचकर जवानों की जांच कर रही है। मोबाइल टीम में शामिल डॉ. राजेश कुमार ने जवानों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें आवश्यक दवाएं व ओआरएस उपलब्ध कराए।
प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि जैसे ही जवानों के बीमार होने की सूचना मिली, तुरंत एक मेडिकल टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि कई जवान सर्दी, बुखार से परेशान हैं।
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि हर दिन अलग-अलग डॉक्टरों की मोबाइल टीमें कैंप में मौजूद रहेंगी और नियमित जांच करेंगी। साथ ही जवानों को स्थानीय एंबुलेंस सेवा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं डॉक्टरों के संपर्क नंबर भी प्रदान कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर समुचित इलाज दिया जा सके।
इस मौके पर बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ राकेश कुमार चौधरी, फार्मासिस्ट प्रभात कुमार, मो. शमीम सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
