गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी /बेगूसराय
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाजीपुर सुल्तानपुर के निवासी हरेंद्र सिंह के पुत्र चंद्र किशोर सिंह को बखरी मुख्य बाजार से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 100 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की यह कार्रवाई बखरी डीएसपी कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। डीएसपी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बखरी बाजार में एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोका। वाहन की तलाशी में भारी मात्रा में गांजा पाया गया, जिसे तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।टीम ने मौके पर ही चंद्र किशोर सिंह को गिरफ्तार कर लिया और पिकअप वाहन को भी जप्त कर लिया। पुलिस ने बरामद गांजा को सील कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने तस्करी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी पुलिस के सामने रखे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे लोगों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस तस्करी नेटवर्क का पूरा खुलासा करने के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।इस बड़ी कार्यवाही से क्षेत्र में तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
