गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के बहरबन्नी स्थित बाबा स्थान के पास वीरपुर पकठौल रोड पर गुरुवार को अहले सुबह साढ़े 7 से 7:45 के बीच तीन हथियारबंद अपराधियों ने मोहम्मद सज्जाद के साथ दो लाख रुपए और मोबाइल लूटपाट करने के बाद तीन गोली मारकर हत्या कर हथियार लहराते फरार हो गए। यह खबर जंगल में आग लगने की तरह फैलते ही हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा वीरपुर थाना और परिजनों को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंच मामले की तहकीकात में जुट गए। मौजूद परिजनों समेत स्थानीय लोगों ने घटना में संलिप्त अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर एनकाउंटर करने की मांग करते हुए लाश उठाने से मना कर दिया।

वीरपुर थाना की पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारी डीएसपी पंकज कुमार को देते हुए पुलिस बल की मांग की। डीएसपी पंकज कुमार भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात करते हुए आक्रोशित लोगों के गुस्से को भांपते हुए एसपी मनीष कुमार को घटना से संबंधित जानकारी दी।
इसी बीच तेघरा थाना की पुलिस आई तो मौजूद लोगों का ग़ुस्सा और भी सातवें आसमान पर चढ़ गया। तेघरा पुलिस को देखते ही भीड़ अनियंत्रित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तेघरा पुलिस को खदेड़ने लगी। लोग कह रहे थे कि अपराधी और पुलिस की मिलीभगत से ही बेगूसराय जिला में हत्या होती है। बेगूसराय जिला में आए दिन कहीं ना कहीं रोज हत्याएं, लूट, डकैती की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस से कुछ संभल नहीं रहा है। पुलिस अपने पद से इस्तीफा दे और हम लोगों को लाइसेंसी हथियार दे और आदेश दे तो एक दिन में अपराधियों को चुन-चुनकर मार देंगे।

इस बीच बहरबन्नी पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। एसपी मनीष कुमार भी सूचना के आलोक में जब दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो मामले की तहकीकात करते हुए गंभीरता को भांपकर परिजनों से मुलाकात कर घटना से संबंधित जानकारी लेते हुए अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी करने और कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिलाया। तब लोगों ने पुलिस को शव उठाने दिया।
इस संबंध में मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि पीपरा निवासी सुखदेव पासवान के पुत्र पंकज कुमार, सोमेश्वर पासवान के पुत्र उज्जो पासवान, कन्हैया कुमार तीन लाख रुपए रंगदारी देने की मांग कर रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर अपना दिन गिनते रहने की धमकी भी दी थी। आज दो लाख रुपए नगद बैंक में माल लाने के लिए लगाने के लिए मेरा भाई बाइक पर कुछ कंबल वगैरह लादकर वीरपुर स्थित अपने दुकान खोलने के लिए घर से निकले ही थे कि उक्त तीनों अपराधियों ने पीछा करते हुए पहले लूटपाट कर मेरे भाई को गोली मारकर हत्या कर दी है।

इस संबंध में स्थानीय लोग कह रहे थे कि अपराधियों की संख्या तीन थी। वे एक ही बाइक पर सवार होकर आए और तीन गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब हम लोग दौड़े तो अपराधियों ने हम लोगों की तरफ भी हथियार तानते हुए उधर ही रुक जाने को कहा और हथियार लहराते भागने में सफल हो गए।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान पीपरा निवासी मोहम्मद अजीम के पुत्र मोहम्मद सज्जाद के रूप में की गई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन शुरू कर दी है। मौके पर हजारों लोग मौजूद थे।
