गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी में श्रीमद् भागवत कथा प्रेम यज्ञ का शुभारंभ आगामी 4 जनवरी से होने जा रहा है। इस अवसर पर अयोध्या धाम निवासी सुप्रसिद्ध कथावाचक अंकिता नन्द जी महाराज मुख्य कथा वाचक के रूप में श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे।यह दस दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा बखरी के मारवाड़ी विवाह भवन के सभागार में आयोजित की जाएगी, जिसका समापन 13 जनवरी को होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बखरी की अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं।कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक के उपरांत कार्यक्रम संयोजक सोनू महाराज ने जानकारी दी कि कथा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व, यानी 3 जनवरी को श्री श्याम हनुमान मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी।
इसके पश्चात 4 जनवरी से लगातार दस दिनों तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर कथा का आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे। सोनू महाराज ने यह भी बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन प्रवचन के साथ-साथ भक्ति संगीत एवं आकर्षक झांकियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
