विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर थाना क्षेत्र के मेहदौली गांव स्थित वार्ड संख्या आठ में शुक्रवार की देर शाम खाने बनाने के दौरान हुए गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण उक्त वार्ड निवासी दिनेश पासवान के झोपड़ीनुमा घर में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में उक्त वार्ड निवासी दिनेश पासवान पिता सूखो पासवान का घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस लीक हो गया, जिसके बाद आग लग गई तथा आग तेजी से फैल गई।

देखते ही देखते झोपड़ी में रखे बर्तन, खाद्य सामग्री, कपड़े, अनाज एवं अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी और पंप सेट के सहारे सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों के सूझबूझ से आसपास के अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिसके कारण एक बड़ा हादसा होते होते टल गया।

उक्त घटना में दो व्यक्ति 30 वर्षीय सिविल कुमार पिता रामप्रवेश पासवान व 15 वर्षीय आदर्श कुमार पिता कारी पासवान आंशिक रूप से झुलस गए, जिसे इलाज के लिए पीएचसी भगवानपुर में भर्ती कराया गया। उक्त घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
