गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर में ठंड बढ़ते ही एक बार फिर चोरों का आतंक शुरू हो गया है। बीती रात बखरी मुख्य बाजार स्थित रामा पैलेस में अवस्थित अमन ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाने का प्रयास किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया, लेकिन मौके पर तैनात नेपाली चौकीदार की सतर्कता से बड़ी चोरी होने से पहले ही चोर भागने पर मजबूर हो गए। चौकीदार ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग भी सतर्क हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते चोरी की वारदात टल गई, लेकिन घटना ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।व्यापारियों का कहना है कि ठंड के मौसम में रात्रि गश्ती कमजोर पड़ते ही चोरी की घटनाओं में इजाफा हो जाता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।फिलहाल मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
