गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर के रामपुर गांव में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ किया गया। यज्ञ का आयोजन 3 जनवरी से 11 जनवरी तक किया जाएगा, जबकि 12 जनवरी को सुबह 8 बजे कन्या भोज का आयोजन होगा। यज्ञ के पहले दिन निकाली गई कलश शोभायात्रा रामपुर गांव का भ्रमण करते हुए श्री राम ठाकुरबारी, रामपुर में विधिवत स्थापित की गई। इस शोभायात्रा में 251 कुंवारी कन्याओं ने कलश लेकर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कथा वाचन के लिए वृंदावन धाम से पधारीं श्री वैदेही शरण जी महाराज प्रतिदिन संध्या काल में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगी। आयोजक कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस यज्ञ का आयोजन देश के कल्याण, बिहार की उन्नति, समाज के उत्थान एवं पापों के विनाश की भावना से किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से हिंदू सनातन धर्म की रक्षा और सामाजिक सद्भाव को बल मिलता है।
आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने की अपील की।
कलश शोभायात्रा में महंत सौरभ सावर्ण, साकेत सावर्ण, कृष्ण मोहन चौधरी,राजीव कुंवर, राजू कुंवर, रंजीत राय, श्याम मिलन राय सहित रामपुर एवं बखरी क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
