नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सदर पंचायत नावकोठी स्थित द्वारिका पैलेस उत्सव हॉल नावकोठी में शनिवार को नववर्ष के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला मुखिया संघ के महासचिव,प्रखंड अध्यक्ष व नावकोठी के मुखिया राष्ट्रपति कुमार बिडडू ने की। संचालन अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक इन्द्र देव महतो ने किया।मुखिया ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत के लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के कलमकारों से लेकर स्वच्छता कर्मी, स्वच्छता पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, जीविका कर्मी,आवास सहायक,किसान सलाहकार,बिजली कर्मी,जनवितरण प्रणाली विक्रेता और प्रधानाध्यापक तक को एक मंच पर सम्मानित करना गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं बच्चों को स्कूली पूर्व शिक्षा देती हैं,आशा कार्यकर्ता गर्भवतियों व नौनिहालों का टीकाकरण कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देती हैं,जबकि जीविका कर्मी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। प्रधानाध्यापक बच्चों को शिक्षित कर देश के भविष्य को मजबूत कर रहे हैं।मुखिया ने पिछले चार वर्षों के विकास कार्यों की समीक्षा की व आगामी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पंचायत के जनप्रतिनिधियों से ईमानदारी पूर्वक विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।

नावकोठी को बेगूसराय ही नहीं बिहार का एकलौता विकसित गांव बनाएंगे। विकसित गांव बनाने के लिए पंचायत के हर तबके का योगदान जरूरी है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधि व सभी कर्मियों ने नावकोठी पंचायत को विकसित करने का प्रण लिया।समारोह के बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ,जिसमें सभी ने एक साथ भाग लेकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।वहीं सभी को अंग वस्त्र से सम्मानित भी किया गया।

मौके पर प्रधानाध्यापक गणेश झा,राजेश कुमार, विभाकर कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक कन्हैया कुमार,मो सलमान,राजा कुमार, मंजू देवी,निर्मला,पूनम, रंजू सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद थे।
