गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड क्षेत्र के चार परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 2705 छात्राएं शामिल होंगी। परीक्षा की तैयारी को लेकर अनुमंडल कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि बिहार बोर्ड द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार छात्राओं को समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सुबह 9 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी छात्राओं को 9 बजे से पहले केंद्र में प्रवेश करना होगा।
एसडीएम ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है, जो पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नियंत्रण रखेगी। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में अवर निबंधक अंजली जोशी को नियुक्त किया गया है, जिनके साथ पुलिस अधिकारी सज्जाद हुसैन तैनात रहेंगे। वहीं जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में बीडीओ कुमार मुकेश को जिम्मेदारी दी गई है, जिनके साथ पुलिस पदाधिकारी शंकर सिंह को प्रतिनियुक्त किया गया है।

पेट्रोलिंग के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। उच्च माध्यमिक विद्यालय शकरपुरा एवं घाघरा के लिए अनुमंडल कृषि पदाधिकारी प्रशांत कुमार के साथ पुलिस अधिकारी राजेंद्र राम मौजूद रहेंगे।m वहीं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बखरी और परियोजना बालिका विद्यालय बखरी के लिए बीपीआरओ कुमार शानू के साथ पुलिस अधिकारी कैलाश यादव को तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बाजार क्षेत्र में सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक नो-इंट्री लागू की गई है।
इस दौरान चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा तथा ई-रिक्शा को बेवजह खड़ा कर जाम न लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास सभी फोटोस्टेट और ऑनलाइन दुकानों को बंद कराया गया है। केंद्रों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है।एसडीएम ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर शौचालय, चापाकल, बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं एसडीपीओ कुंदन कुमार ने कहा कि सभी केंद्र केवल छात्राओं के लिए निर्धारित हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरी सतर्कता बरतने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से मुख्य बाजार में जाम न लगाने की अपील की, ताकि छात्राएं समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। बैठक में सभी मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं चारों परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक विकास चंद्र भारती, अमरजीत कुमार, रंजु कुमारी और प्रेम गांधी उपस्थित थे।
