गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
परिहारा थाना क्षेत्र के मलकुआ गांव में बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है।मृतक की पहचान
नावकोठी थाना क्षेत्र के रजाकपुर निवासी रामानंद महतो के 26 वर्षीय पुत्र मोहन कुमार के रूप में की गई है। वहीं घायल युवक की पहचान खगड़िया जिले के रानी शकरपुरा निवासी जोगिंद्र पासवान के पुत्र रूपक कुमार के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहन कुमार मलकुआ गांव में उचित महतो के यहां टाइल्स लगाने का काम करने जा रहा था। वह अपनी बाइक के साथ सड़क पार कर रहा था, तभी परिहारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराया और इसकी सूचना परिहारा थाना को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया। वहां से मोहन कुमार की हालत नाजुक देख उसे बेगूसराय रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि बेगूसराय ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इस संबंध में एसडीपीओ कुंदन कुमार ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
