गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के भवानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 10 में पहले से ही एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच एक पक्ष के मोहम्मद शमीम द्वारा उक्त विवादित जमीन पर घर का निर्माण कराया जा रहा था।
इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से मोहम्मद मुस्तहसन की पत्नी आईशा नाज घर बनवाने से मना करने के लिए वहां पहुंचीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद मोहम्मद शमीम, मोहम्मद साजिद, मोहम्मद सैफी सहित कुल सात लोगों ने मिलकर आईशा नाज के साथ गाली-गलौज की।
पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और घर में रखे करीब 1 लाख 35 हजार रुपये भी ले लिए। घटना के बाद पीड़िता आईशा नाज ने वीरपुर थाना में आवेदन देकर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
