गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी /बेगूसराय
बखरी प्रखंड के मधुआ स्थित केंद्रीय विद्यालय की तर्ज पर 47 करोड़ रुपये की लागत से बने अन्य पिछड़ा वर्ग आवासीय +2 बालिका विद्यालय का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। शनिवार को समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री बेगूसराय जिले के बरौनी पहुंचे, जहां से उन्होंने इस विद्यालय का उद्घाटन किया।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बखरी में निर्धारित था। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां भी की गई थीं, लेकिन दो बार कार्यक्रम की तिथि में बदलाव के बाद अंततः बखरी का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
यह विद्यालय जिले का इकलौता आवासीय कन्या विद्यालय है। इसमें कुल 520 बालिकाओं के आवास की व्यवस्था के साथ-साथ पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में घाघरा सीमाना स्थित घाघरा मॉडर्न पंचायत सरकार भवन का भी लोकार्पण किया गया।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना था कि मुख्यमंत्री को कम से कम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण करना चाहिए था, ताकि क्षेत्र के लोग भी कार्यक्रम से सीधे जुड़ पाते और उन्हें इसकी जानकारी मिलती। इस तरह के लोकार्पण को लेकर कुछ लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
