गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर स्थित बैद्यनाथ प्रसाद सिंह +2 विद्यालय के मैदान में आयोजित सौरभ आनंद स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को जगदर और डीजी कॉलेज बेगूसराय के बीच खेला गया। 20 ओवर के इस रोमांचक मुकाबले में जगदर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीजी कॉलेज को 59 रनों से हराकर शील्ड पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल मैच में डीजी कॉलेज ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जगदर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कुंदन राय ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में नाबाद 94 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 छक्के और 2 चौके लगाए। कुंदन राय की इस धुआंधार पारी की बदौलत जगदर की टीम ने बड़ा लक्ष्य खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीजी कॉलेज बेगूसराय की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 316 रन ही बना सकी और मैच 59 रनों से हार गई।
टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक अमिता भूषण ने विजेता टीम जगदर के खिलाड़ियों को चमचमाती शील्ड और 30 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम डीजी कॉलेज के खिलाड़ियों को जिला पार्षद शिल्पी कुमारी, पंसस रीता चौरसिया, पूर्व मुखिया पंकज कुमार सिंह तथा पूर्व जिला पार्षद सुल्ताना बेगम ने संयुक्त रूप से शील्ड और 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।

मौके पर वीरपुर पूर्वी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष संतोष कुमार, वीरपुर पश्चिम पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद चौधरी, रौशन चौरसिया, नैयर ऐजाज, सुधेश महतो, निजानंद झा, चुन्नू कुमार चंदन, एस्कॉलर राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे। मैच में अंपायर की भूमिका मोहम्मद चांद और संजय झकास ने निभाई।
