ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा–प्राणपुर हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक किनारे रविवार की संध्या मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान सोमवार को कर ली गई। मृतक की पहचान मौजी हरिसिंह पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी सोमन सदा के 21 वर्षीय पुत्र मोहन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार की शाम करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने सोनमा–प्राणपुर हॉल्ट के पूर्वी ढाला के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। इसके बाद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बखरी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की पैंट रेलवे ट्रैक में फंसी हुई मिली, जबकि शर्ट उसके शरीर पर ही था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के दौरान ट्रेन से गिरने के कारण युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बखरी थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जाता है कि मोहन कुमार की शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है।
