नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डफरपुर पंचायत के कामा स्थान चौर एवं नावकोठी बहियार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के द्वारा तेल एवं गैस अन्वेषण हेतु भूकंपीय सर्वेक्षण कार्य बुधवार से प्रारंभ किया गया है।
पीआरओ अरुण कुमार ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया के अल्फा जिओ इंडिया लिमिटेड भारत की पहली निजी कंपनी है।जो देश में विगत 35 वर्षों से तेल और गैस अन्वेषण हेतु सर्वेक्षण का कार्य कर रही है।
यह ऑयल इंडिया लिमिटेड, ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड, डायरेक्टरेट जनरल आफ हाइड्रोकार्बन तथा कैनोरो रिसोर्सेस लिमिटेड,जिओ पेट्रोल इंटरनेशनल इंक,जियो एनप्रो,एस्सार ऑयल लिमिटेड,हिंदुस्तान ऑयल एक्सप्लोरेशन कंपनी लिमिटेड एवं कई निजी कंपनियों के लिए भी ऐसे सर्वेक्षण कार्य सफलतापूर्वक कर चुकी है।इस सिलसिले में उन्होंने बिहार के उत्तरी भाग से लेकर दक्षिणी भाग तक 15 जिले में भूकंपीय सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ किया है।
इसी आलोक में बेगूसराय जिला के विभिन्न स्थानों का चयन भूकंपीय डाटा अधिग्रहण कार्य हेतु किया गया है।इसमें शॉर्ट होल्स की ड्रिलिंग,उन छेदों से अल्प मात्रा में क्लास टू स्तर का विस्फोटक भरना,इन विस्फोटकों के माध्यम से हल्के कंपन उत्पन्न करना तथा उत्पन्न ऊर्जा को रिकॉर्ड करना शामिल है।
प्राप्त भूकंपीय डाटा को विशेष सॉफ्टवेयर से संधारित कर पृथ्वी की उपसतह की संरचना का चित्र तैयार किया जायेगा।जिससे तेल एवं गैस वाले क्षेत्रों की पहचान में सहायता मिलेगी।यह डाटा देश के ऊर्जा संसाधन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और भारत की ऊर्जा स्थिति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस सिलसिले में कंपनी के इंजीनियर सर्वेयर एवं अन्य यांत्रिकी पदाधिकारी के द्वारा विभिन्न स्थानों पर खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि इस कार्ड के दौरान हुई फसल क्षति का आकलन कर जमीन मालिकों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।इस कार्य से पूरे क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल उत्पन्न हो गया है।
इस दौरान राजकुमार सिंह,सोना कुमार,पंसस अजीत कुमार,विजय शंकर सिंह जयशंकर कुमार, प्रो हरेराम सिंह सहित दर्जनाधिक ग्रामीण मौजूद थे।
