गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल इन दिनों “भगवान भरोसे” चलने की कहावत को चरितार्थ करता नजर आ रहा है। स्थिति यह है कि पूरे अनुमंडल क्षेत्र के अधिकांश प्रशासनिक कार्य एक ही पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव के भरोसे संचालित हो रहे हैं। कई महत्वपूर्ण पदों पर नियमित पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल लोक शिकायत पदाधिकारी का पद प्रभार में चल रहा है, वहीं डीसीएलआर (भूमि सुधार उप समाहर्ता) का पद भी प्रभार के भरोसे है। इन दोनों महत्वपूर्ण पदों के स्थायी रूप से नहीं भरे जाने के कारण इनके कार्यों का अतिरिक्त भार अनुमंडल पदाधिकारी पर ही आ गया है। परिणामस्वरूप प्रशासनिक कार्यों की गति काफी धीमी हो गई है।
सबसे अधिक परेशानी आम लोगों को हो रही है, जिन्हें रोजमर्रा के जरूरी कार्यों जैसे शपथ पत्र बनवाना, सनहा दर्ज कराना एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए कई-कई दिनों तक कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को खास तौर पर परेशानी उठानी पड़ रही है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही पदाधिकारी के ऊपर इतने सारे दायित्व होने के कारण सभी कार्यों का समय पर निष्पादन संभव नहीं हो पा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी को क्षेत्रीय प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ न्यायालय संबंधी कार्यों का भी निष्पादन करना पड़ता है, जिससे कार्य का दबाव और बढ़ जाता है।
