मोहम्मद फैज AV भारत न्युज संवाददाता दलसिंहसराय/ समस्तीपुर
रामाश्रय बालेश्वर महाविद्यालय, दलसिंहसराय में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बीरेंद्र कुमार चौधरी ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। डॉ. सुनील कुमार सिंह ने विषय प्रवेश कराते हुए कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान प्राध्यापक उदय शंकर विद्यार्थी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के ऐतिहासिक महत्व और इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. धीरज कुमार पाण्डेय, डॉ. राजकिशोर, डॉ. जवाहरलाल और डॉ. धीरज कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से स्वास्थ्य के महत्व और स्वस्थ रहने के उपायों पर अपने विचार साझा किए।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. बीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है और हमें हमेशा इसके प्रति सजग रहना चाहिए।” उन्होंने बताया कि प्राचीन काल से ही हमारे मनीषियों ने स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों का विकास किया है, लेकिन आज बदलते पर्यावरण और जीवनशैली के कारण लोग कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए छात्रों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए अध्ययन में भी आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कई प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी, स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति के साथ हुआ।
