गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगुसराय
बखरी प्रखंड के हेमनपुर गांव के लौऐन चौर स्थित एक खड़ही के खेत में गुरुवार को अचानक आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया। इससे आसपास लगे पके हुए गेहूं की फसल सुरक्षित बच गई और एक बड़ी क्षति टल गई।

ग्रामीणों ने बताया कि चौर क्षेत्र में अधिकांश किसानों की फसल कटाई के बाद खेतों में रखी हुई है। यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो भारी नुकसान हो सकता था। दमकल टीम और स्थानीय लोगों की सजगता से पूरे क्षेत्र की फसल को सुरक्षित बचा लिया गया। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि आग लगने का कारण बीड़ी की चिंगारी हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के एसआई यशवंत सिंह, कांस्टेबल प्रीति कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया।ग्रामीणों ने दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयास की बड़ी सफलता बताया।
