गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर प्रखंड के खरमौली स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में शनिवार को प्रभारी प्राचार्य के रूप में डॉ मुकेश कुमार ने अपना योगदान दिया। उनके कार्यभार संभालते ही कॉलेज में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के बाद एपीएसएम कॉलेज बरौनी के प्रभारी प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार को वीरपुर के नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कॉलेज का स्थायी भवन पूरी तरह तैयार होने तक स्नातक की पढ़ाई उच्च माध्यमिक विद्यालय, खरमौली परिसर में संचालित की जाएगी। आगामी शैक्षणिक सत्र से यहां हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र विषयों में नामांकन शुरू करने की तैयारी चल रही है।
प्रभारी प्राचार्य के योगदान के बाद कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की संभावना है। इस अवसर पर उच्च माध्यमिक विद्यालय खरमौली के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार, मध्य विद्यालय खरमौली के प्रभारी प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार, शिक्षक, ग्रामीण एवं विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। वहीं विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक संत कुमार सहनी ने भी खुशी जाहिर करते हुए कॉलेज के संचालन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
