गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर /बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र का पीएचसी रोड, बाजार रोड तथा वीरपुर-पकठौल मुख्य मार्ग पिछले करीब 15 वर्षों से बदहाली का दंश झेल रहा है। बरसात के मौसम में इन सड़कों की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। जगह-जगह जलजमाव होने से सड़कें झील का रूप ले लेती हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क और जल निकासी की समस्या बनी हुई है। इस दौरान कई सरकारें आईं और गईं, अनेक पदाधिकारी भी बदले, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों के अनुसार, समय-समय पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्थल निरीक्षण कर समस्या के समाधान का आश्वासन देते रहे हैं, परंतु धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला तथा स्थानीय विधायक कुंदन कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उस दौरान जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नाला निर्माण की योजना को स्वीकृति भी दी गई थी और योजना संबंधी बोर्ड भी लगाए गए थे। हालांकि, आज तक न तो नाला निर्माण कार्य शुरू हो सका और न ही सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया।
लोगों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कीचड़ और गंदगी से भरी सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आए दिन राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि वीरपुर में आयोजित होने वाले जनसहयोग शिविर के माध्यम से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा और सड़क निर्माण तथा जल निकासी की व्यवस्था को लेकर जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब पहल कर लोगों को इस लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत दिलाने की मांग की
