गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगुसराय
बखरी थाना क्षेत्र के शकरपुरा वार्ड संख्या 8 निवासी मो. नसीम ने अपने पुत्र महफूल अंसारी के खिलाफ थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार 31 मई की रात करीब 10 बजे महफूल अंसारी शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां मुस्तरी खातून के साथ गाली-गलौज करने लगा। समझाने पर उसने मां के बाल पकड़कर मारपीट की तथा गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
मो. नसीम ने आरोप लगाया है कि जब वे बीच-बचाव करने पहुंचे तो महफूल अंसारी ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की उंगली टूट गई तथा कमर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।
वहीं छोटे भाई मो. सैकुल को भी दांत काटकर घायल कर दिया गया। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी ने शराब पीने का विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है।
पीड़ित के अनुसार, महफूल अंसारी लंबे समय से परिवार को प्रताड़ित कर रहा है और घर के सामान तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचा दिया है। मामले में बखरी थाना से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
