गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी मुख्य बाजार स्थित कल्याणी मेडिकल स्टोर के समीप सोमवार की शाम उचक्कों ने एक व्यवसायी की बाइक की डिक्की तोड़कर दो लाख रुपये चोरी कर लिए। घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित गल्ला व्यवसायी खगड़िया जिले के ईमली गांव निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र नीरज कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक से दो लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद वह बखरी बाजार में लीची खरीदने के लिए पहुंचे। इसी दौरान अज्ञात उचक्कों ने उनकी बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की सघन जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल उचक्कों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में चिंता का माहौल है।
