नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
बेगूसराय जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को लाखों थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खाजहांपुर गांव निवासी नेहा कुमारी (25 वर्ष), पति अमरजीत महतो, अपने भाई के साथ स्कूटी से नागदह गांव से लाखों थाना क्षेत्र के रमजानपुर स्थित जमीन देखने जा रही थीं। इसी दौरान एक सीमेंट लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि नेहा कुमारी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही लाखों थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं ट्रक के खलासी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद लाखों थाना पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। इधर, हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
